रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 26.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। बरामद नशे की बाजार कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही कुल 23 लाख रुपए से ज्यादा का सामान भी पुलिस ने जब्त किया है।

साइंस कॉलेज मैदान के पास करते थे ग्राहकों का इंतजार
पुलिस के अनुसार, 5 दिसंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि साइंस कॉलेज मैदान के पास डीडीयू ऑडिटोरियम रोड पर एक काली हुंडई कार में दो युवक ड्रग्स बेचने की फिराक में ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस ने तुरंत टीम रवाना की और मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

Read Also-  सूदखोरी का बड़ा मामला उजागर: BSP कर्मचारी से 3 लाख के बदले 10 लाख की वसूली, तीन गिरफ्तार

कार, मोबाइल और हेरोइन समेत 23 लाख का माल जब्त
तलाशी में पुलिस को आरोपियों के पास से 26.22 ग्राम चिट्टा मिला, जिसकी कीमत 2,60,100 रुपए है। इसके अलावा एक हुंडई कार (CG 04 NT 3892) जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए है, सात मोबाइल फोन जिनकी कीमत करीब 74 हजार रुपए है, जब्त किए गए। बरामद चिट्टे को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर सील किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • आयुष दुबे उर्फ मयंक, निवासी पंचशील नगर
  • मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी, निवासी पचपेड़ी नाका

दोनों आरोपी रायपुर के ही रहने वाले हैं और पुलिस के अनुसार, लंबे समय से चिट्टा की अवैध बिक्री में सक्रिय थे।

Read Also-  रायपुर में 18-19 दिसंबर को नहीं खुलेगी एक भी मांस-मटन की दुकान, निगम ने जारी किया आदेश

एसआई की टीम ने बिना वारंट की त्वरित कार्रवाई
उपनिरीक्षक तुलसीराम भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना सर्च वारंट तत्काल कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के भागने की आशंका को देखते हुए मौके पर ही वाहन और व्यक्तियों की तलाशी ली गई।

सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाते थे और इसे किसे सप्लाई करने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि दोनों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Share.

Comments are closed.