रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि बलरामपुर में 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कोरबा में 10, राजनांदगांव और दुर्ग में 11 तथा बिलासपुर में 13 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, बलौदाबाजार, कोरबा, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित अन्य जिलों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। तापमान कम होने से ठंड में तेजी से बढ़ोतरी होगी। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

बढ़ती सर्दी को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने लोगों से बिना गर्म कपड़े पहने घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही सलाह दी है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें और ठंड से बचाव के लिए आसपास अलाव की व्यवस्था रखें।

Share.

Comments are closed.