नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार को फोन पर हुई बातचीत में भारत–अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में हो रही निरंतर मजबूती पर संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने बातचीत से जुड़ी जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर बताया कि उनकी ट्रंप के साथ बातचीत गर्मजोशीपूर्ण और सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की उपलब्धियों पर बात की और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया।
दोनों देशों ने वैश्विक शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के लिए मिलकर प्रयास जारी रखने पर सहमति जताई। बातचीत के दौरान व्यापारिक संबंधों को गति देने और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को नई ऊंचाई देने पर विशेष जोर दिया गया। ‘COMPACT’ योजना के तहत रक्षा, ऊर्जा, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और सुरक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
मोदी और ट्रंप ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार साझा किए और पारस्परिक हितों को आगे बढ़ाने तथा साझा चुनौतियों से निपटने के लिए करीबी तालमेल बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
गौरतलब है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच यह पहली बातचीत है।

