रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सात शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मैनपाट में रात का पारा 4 डिग्री से नीचे पहुंच गया, जहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3, पेंड्रारोड में 8.6, जगदलपुर में 8.2, दुर्ग में 8.2 तथा राजनांदगांव में 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री राजनांदगांव में तथा न्यूनतम 5.3 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, राजनांदगांव सहित कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। हालांकि मध्य एवं उत्तरी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम में अन्य कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
ठंड बढ़ने से त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ी हैं। मेकाहारा अस्पताल में रोजाना औसतन 300-350 मरीज ड्राई स्किन, एक्जिमा एवं सोरायसिस की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
डर्मेटोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. मृत्युंजय सिंह ने बताया कि ठंड में ये समस्याएं आम हैं, लेकिन ध्यान न देने पर खतरा बढ़ सकता है दो दिन पहले अंबिकापुर में खुले में सोए एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई थी।

