कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सिरफिरे युवक ने टंगिया से तीन ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में तीनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना झलमला थाना क्षेत्र के समरू गांव की है। जब तीनों ग्रामीण किसी काम से कवर्धा की ओर जा रहे थे। तभी आरोपी युवक रास्ते में हाथ में टंगिया लेकर खड़ा था। जैसे ही तीनों ग्रामीण वहां से गुजरे, उसने उन्हें रोककर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में एक युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वहीं दूसरे युवक की पीठ पर गहरी चोट आई, जबकि तीसरे युवक के पैर पर टंगिया से वार किया गया है।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल कवर्धा लाया गया, जहां तीनों ग्रामीणों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर इस मामले की सूचना झलमला पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

Share.

Comments are closed.