जांजगीर-चांपा। जिले में एक बेहद गंभीर लूट की घटना सामने आई है। अकलतरा क्षेत्र के मिनीमाता चौक के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की महिला कर्मचारी से दिनदहाड़े 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली गई। आरोपी ने मुंह पर गमछा बांधकर और आंखों में स्प्रे छिड़ककर इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला कर्मचारी एटीएम में कैश जमा करने के लिए गई थी। वह बैंक से नकदी लेकर एटीएम की ओर जा रही थी, तभी अचानक मुंह पर गमछा बंधे एक आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने पहले महिला की आंखों में कोई तेज स्प्रे छिड़का, जिससे वह कुछ पल के लिए अंधी हो गई और असहाय हो गई। इसी मौके का फायदा उठाकर लुटेरे ने उनके पास रखे 50 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गया।

यह पूरी वारदात एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने अपना चेहरा गमछे से पूरी तरह ढक रखा था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। गमछा बांधने के कारण अभी तक आरोपी की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। अकलतरा थाना पुलिस की टीम एटीएम के सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ आसपास के इलाके में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज से आरोपी के हुलिए और भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द उसे पकड़ा जा सके।

 

Share.

Comments are closed.