रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। प्रदेश में सबसे अधिक ठंड सरगुजा संभाग में पड़ रही है, जहां कुछ स्थानों पर शीतलहर जैसी स्थिति दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में भी शाम ढलने के बाद से सुबह तक ठंड का असर बना हुआ है, जिससे लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। सुबह की सापेक्ष आर्द्रता 76 प्रतिशत और शाम को 48 प्रतिशत रही, जबकि हवा की औसत गति 2 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में तापमान की स्थिति भी ठंडी रही। माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री, बिलासपुर में 11 डिग्री, पेंड्रारोड में 7 डिग्री, जगदलपुर में 9.5 डिग्री और दुर्ग में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

राजधानी रायपुर में आज हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Share.

Comments are closed.