जगदलपुर। बस्तर जिला प्रशासन ने वर्ष के अंतिम दिन 31 दिसंबर को कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में विभिन्न विभागों में कार्यरत 11 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी। कलेक्टर हरिस एस. के निर्देश पर प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश, ग्रेच्युटी भुगतान आदेश तथा भविष्य निधि भुगतान आदेश प्रदान किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, श्रीफल तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतीक जैन ने सेवानिवृत्त सहयोगियों की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप सभी शासकीय सेवा में अत्यंत अनुभवी तथा निपुण हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी आपका संचित अनुभव समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने अपील की कि सक्रिय रहकर अपना दीर्घकालीन अनुभव समाज तथा नई पीढ़ी को प्रदान करें। सभी के स्वस्थ, सुदीर्घ तथा खुशहाल जीवन की कामना करते हुए उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई तथा वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान से सेवानिवृत्त कर्मी अभिभूत नजर आए। हाथों-हाथ पेंशन तथा ग्रेच्युटी आदेश प्राप्त होने को उन्होंने सुखद अनुभव बताया तथा प्रशासन की पहल को सराहनीय बताया।

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक ने पेंशनरों को मिलने वाले हितलाभों की जानकारी दी तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम में सहायक कोषालय अधिकारी ममता ध्रुव, नरेंद्र सिंह नाग सहित कोषालय तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.