रायपुर। शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर ओडिशा के एक कारोबारी से 2 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। कारोबारी को रायपुर बुलाकर फाफाडीह इलाके में नकद रकम ली गई। शिकायत के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लिंक से शुरू हुआ खेल, टेलीग्राम ग्रुप में फंसाया
पुलिस के मुताबिक ओडिशा निवासी नेमीचंद जैन बड़े कारोबारी हैं। कुछ माह पहले उनके मोबाइल पर एक लिंक आया। लिंक खोलते ही वे टेलीग्राम के एक ग्रुप से जुड़ गए, जहां शेयर मार्केट में निवेश से जुड़े मैसेज लगातार आने लगे। ग्रुप में टाटा कंसल्टेंसी कंपनी में निवेश कर भारी मुनाफे का दावा किया जा रहा था।
1 लाख के बदले 13 लाख देकर जीता भरोसा
ग्रुप से जुड़े लोगों ने नेमीचंद जैन से संपर्क किया। अर्चना अग्रवाल, हर्ष, विकास साहू, सुनीता नंदा, अजय त्रिपाठी और अजित पात्रा नाम के लोगों ने निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में 1 लाख रुपये निवेश कराए गए और बदले में 13 लाख रुपये का मुनाफा दिया गया। इससे कारोबारी का भरोसा पूरी तरह बन गया।
पांच दिन में 40 लाख का लालच, 2 करोड़ का निवेश
इसके बाद आरोपियों ने पांच दिन में 40 लाख रुपये मुनाफे का झांसा देकर 2 करोड़ रुपये निवेश करने को कहा। कारोबारी को रायपुर बुलाया गया और फाफाडीह क्षेत्र में उनसे नकद राशि ली गई। रकम लेने के बाद आरोपी संपर्क से बाहर हो गए।
न मुनाफा मिला, न रकम लौटी
रकम देने के बाद न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर नेमीचंद जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है।

