धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र स्थित नरहरा वाटरफॉल में डूबे एक युवक का शव 21 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था और नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। शव मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार यह घटना 30 नवंबर की दोपहर लगभग 1 बजे की है। रायपुर के रहने वाले तोरण नायक अपने दोस्तों के साथ नरहरा वाटरफॉल घूमने आया था। सभी जलाशय के किनारे नहा रहे थे, तभी अचानक तोरण का पैर फिसल गया। वह करीब 20 फीट नीचे स्थित गहरी खाई में गिर गया और पानी में लापता हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से 30 नवंबर की शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे गोताखोरों की टीम को युवक का शव मिल गया। शव को पानी से बाहर निकालकर पंचनामा किया गया।

 

 

Share.

Comments are closed.