कोरबा। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत ने एक पति को हैवान बना दिया। ग्राम तरदा, उरगा थाना क्षेत्र निवासी राइमंड प्रकाश जांगड़े ने शनिवार शाम नशे की हालत में अपनी पत्नी कविता बाई जांगड़े (38) पर लोहे के हथौड़े से सिर पर हमला कर दिया।

इस क्रूरतापूर्ण हमले में कविता बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद, राइमंड ने अपनी दो बेटियों को भी गोली खाने को कहा, जिससे तंग आकर बड़ी बेटी ने गोली खा ली और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, राइमंड प्रकाश जांगड़े का विवाह करीब 20 साल पहले बेंदरकोना निवासी कविता बाई जांगड़े से हुआ था। राइमंड खेती-किसानी कर अपने पत्नी और चार बच्चों का पालन-पोषण करता था, लेकिन बुरी संगत में पड़कर वह नशे का आदी हो गया। वह अक्सर अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी शक के चलते आए दिन उससे विवाद करता था।

राइमंड प्रकाश जांगड़े का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उस पर हत्या का मामला दर्ज था और वह अपने साथियों के साथ मिलकर चचेरे भाई की हत्या के आरोप में जेल भी जा चुका है। करीब चार साल पहले वह जेल से रिहा हुआ था। विवाहिता के परिजनों ने भी राइमंड के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

 

 

Share.

Comments are closed.