बस्तर। जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र के ग्राम घाटपदमुर भाटीगुड़ा में पेपर खराब होने के चलते परेशान एक छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

 

मामले की जानकारी देते हुए परपा थाना प्रभारी ने बताया कि घाटपदमुर निवासी साधना पटेल 18 वर्ष 12वीं साइंस की पढ़ाई कर रही थी, अभी कुछ दिनों से उनकी अर्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही थी। जहां कुछ पेपर खराब होने के चलते काफी तनाव में चल रही थी, इसके अलावा परिजनों को भी इस बात की जानकारी दी थी। बीते 17 दिसंबर को परीक्षा के समाप्त होने के बाद से लगातार टेंशन में थी।

 

परपा थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को छात्रा ने कमरे में जाकर अपनी मां की साड़ी को फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जिसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों ने आवाज सुनकर जब दरवाजे से देखा तो वह फंदे में झूल रही थी, जिसके बाद उसे वहां से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का परिवार में सब्जी बेचने का काम करता है, जबकि उसकी बड़ी बहन पीएससी की पढ़ाई कर रही है। छात्रा के अचानक से उठाए इस कदम के चलते परिजनों से लेकर दोस्तों, रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Share.

Comments are closed.