रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्से, खासकर सरगुजा संभाग में ठंड की वापसी होने जा रही है। वहीं राजधानी रायपुर सहित मैदानी इलाकों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सरगुजा संभाग और आसपास के जिलों में अगले तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे उत्तर छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है और सुबह-शाम ठंड का असर तेज रहेगा।

मैदानी इलाकों में तापमान स्थिर

दूसरी ओर, रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। इन क्षेत्रों में मौसम फिलहाल स्थिर बना रहेगा।

अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग-जगदलपुर सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान दुर्ग और जगदलपुर में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी में सुबह कोहरा

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखा जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आज रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम तापमान 15°C के आसपास रहने की संभावना है।

 

Share.

Comments are closed.