कोरबा। जिले के हरदीबाजार में बुधवार सुबह सीबीआई की एंट्री से इलाके में हड़कंप मच गया। एसईसीएल से जुड़े मलगांव मुआवजा प्रकरण में सीबीआई की टीम ने हरदीबाजार थाना क्षेत्र में दबिश देकर अहम दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है कि जमीन अधिग्रहण के नाम पर गलत तरीके से मुआवजा प्रकरण तैयार कर राशि निकाले जाने की शिकायत पिछले करीब एक साल से सीबीआई की जांच में थी। इसी कड़ी में बुधवार को अचानक हुई कार्रवाई ने फर्जी मुआवजा लेने वाले सरकारी कर्मचारियों और उनसे जुड़े लोगों की नींद उड़ा दी।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दायरे में कई फाइलें और रिकॉर्ड हैं, जिनके जरिए मुआवजा राशि निकालने का खेल रचा गया। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद कोयलांचल क्षेत्र में अवैध तरीके से रकम बनाने वालों में खलबली मची हुई है।
फिलहाल सीबीआई की टीम दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। आगे और कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।

