रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 91.82 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। जांच एजेंसी ने मिस परफेक्ट प्लान इन्वेस्टमेंट LLC और M/s एक्जिम जनरल ट्रेडिंग-GZCO के नाम पर जमा कुल 74 करोड़ 28 लाख 87 हजार 483 रुपये के बैंक बैलेंस को भी अटैच किया है।

 

ED के मुताबिक ये दोनों संस्थाएं सौरभ चंद्राकर, अनिल कुमार अग्रवाल और विकास छपारिया से जुड़ी हैं। इनका इस्तेमाल अपराध से अर्जित धन (Proceeds of Crime) को वैध निवेश के रूप में छिपाने और दिखाने के लिए किया गया।

 

इसके अलावा एजेंसी ने 17.5 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी अटैच की हैं, जो गगन गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज थीं। गगन गुप्ता को Skyexchange.com के मालिक हरि शंकर तिबरेवाल का करीबी बताया जा रहा है। ED का दावा है कि ये महंगी अचल संपत्तियां और लिक्विड एसेट्स नकद में कमाए गए अवैध पैसों से खरीदे गए थे।

 

ED ने बताया कि इस मामले में अब तक देशभर में 175 से अधिक ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है। जांच के दौरान लगभग 2,600 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां जब्त, फ्रीज या अटैच की गई हैं। अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दायर की गई पांच प्रॉसिक्यूशन शिकायतों में 74 कंपनियों को आरोपी बनाया गया है।

 

महादेव ऑनलाइन बुक मामला लगातार एजेंसियों की सख्त कार्रवाई के चलते और गहराता जा रहा है।

Share.

Comments are closed.