रायपुर। ODI और T20 मैचों के बाद रायपुर के क्रिकेट फैंस के लिए एक और अच्छी खबर है। रायपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो मैच खेले जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के CEO से मुलाकात की। रायपुर में दो IPL मैच होस्ट करने पर सहमति बन गई है।

इसके साथ ही अब तक चल रहे कयासों पर भी विराम लग गया है और यह लगभग तय है कि 13 साल बाद छत्तीसगढ़ में फिर से IPL का रोमांच देखने को मिलेगा। इस बीच, रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले T20 मैच की तैयारियां आखिरी दौर में हैं। इस बार छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन किसी भी तरह की सुरक्षा चूक से बचने के लिए कड़े कदम उठा रहा है।

एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि पहली पारी खत्म होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में एंट्री नहीं दी जाएगी। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 350 से ज्यादा प्राइवेट बाउंसर तैनात किए जाएंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्रिकेट एसोसिएशन के 45 अधिकारी मौजूद रहेंगे। 13 गेटों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है।

Share.

Comments are closed.