रायपुर। 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी और छत्तीसगढ़ कैडर के पुष्कर शर्मा को भारत सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किया है। राज्य सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया है।
पुष्कर शर्मा हाल ही में रायपुर स्थित वीआईपी सुरक्षा बटालियन में सेनानी के पद पर तैनात थे। मूल रूप से बिहार निवासी शर्मा ने 17 दिसंबर 2018 को आईपीएस सेवा जॉइन की थी। हैदराबाद की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में रायगढ़ जिले में हुई।
इसके बाद वे अंबिकापुर में सीएसपी, नारायणपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) और फिर नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रहे। नारायणपुर में सफल कार्यकाल के बाद उन्हें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का एसपी नियुक्त किया गया था।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ऑपरेशन में सक्रिय भूमिका के लिए चर्चित पुष्कर शर्मा अब दिल्ली स्थित NIA मुख्यालय में राष्ट्रीय स्तर की जांच और सुरक्षा मामलों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि उनका अनुभव राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
Share.

Comments are closed.