दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में करगाडीह रोड स्थित पुरई गांव सोमवार सुबह नहर के पास झाड़ियों में एक युवती का जला हुआ शव पड़ा मिला। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने शव को देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंद कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी है।
प्राथमिक जांच में यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवती की पहले धारदार हथियार से हत्या की गई और बाद में सबूत मिटाने की नीयत से शव को आग के हवाले किया गया। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस आसपास के गांवों में लगातार पूछताछ कर रही है।
Read Also- बिलासपुर में पोल्ट्री फार्म संचालक की हत्या, पत्थर बांधकर तालाब में फेंका शव मिला
घटना पउवारा मुख्य मार्ग के समीप होने के कारण आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ और भय का माहौल देखने को मिला।
पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा। साथ ही करगाडीह रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि घटना से जुड़े संभावित सुराग तलाशे जा सकें।

