रायपुर, 21 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवती की हत्या कर उसके शव को रायपुर में ठिकाने लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी हरीश पटेल प्रयागराज से पकड़ा गया, जबकि उसके साथी अरविंद नेताम और उषा राठौर को रायपुर से हिरासत में लिया गया। एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

दिनांक 22 नवंबर 2025 को थाना न्यू राजेंद्र नगर को सूचना मिली कि अमलीडीह सोलस हाइट्स कॉलोनी के पीछे बिजली ट्रांसफॉर्मर के पास एक खाली प्लॉट में लड़की का शव पड़ा हुआ है। थाना न्यू राजेंद्र नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव की पहचान काशीराम नगर तेलीबांधा रायपुर निवासी युवती के रूप में हुई। थाने में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मर्ग जांच के दौरान शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण गला दबाने से दम घुटना बताया। इसके आधार पर थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध संख्या 268/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेंद्र नगर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतिका के परिजनों और स्थानीय लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन किया गया और मुखबिरों की मदद ली गई। तकनीकी विश्लेषण से भी आरोपी की पहचान के प्रयास किए गए।

जांच के दौरान पता चला कि मृतिका को अंतिम बार देवार बस्ती तेलीबांधा निवासी शातिर चोर हरीश पटेल और उसके एक साथी के साथ देखा गया था। दोनों कुछ दिनों से फरार थे। पुख्ता जानकारी मिली कि इन्हीं दोनों ने हत्या की। आरोपियों की तलाश में टीम महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भेजी गई। आरोपी बार-बार लोकेशन बदलकर टीम को गुमराह कर रहे थे। अंततः हरीश पटेल की प्रयागराज में मौजूदगी की सूचना पर टीम ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हरीश पटेल ने कबूल किया कि मृतिका उसकी महिला मित्र थी। 19 नवंबर 2025 को उसने मृतिका को मिलने के लिए दुर्ग बुलाया। मृतिका रायपुर से दुर्ग पहुंची। हरीश ने उसे दुर्ग के एक होटल में ले जाकर दो कमरे बुक कराए। उसके एक साथी भी मौजूद था। 20 नवंबर 2025 को दोनों ने मृतिका से शारीरिक संबंध बनाने के लिए जबरदस्ती की। विवाद होने पर आवेश में आकर गमछे से उसका गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। शव को होटल से निकालकर मोटरसाइकिल पर बीच में बिठाकर दुर्ग से रायपुर लाए और घटनास्थल पर फेंक दिया।

हरीश पटेल से चोरी की घटनाओं के बारे में पूछताछ पर उसने बताया कि उसके साथी अरविंद नेताम, उषा राठौर और एक अन्य के साथ मिलकर रायपुर के थाना विधानसभा, डीडी नगर और मुजगहन क्षेत्रों में 11 सूने मकानों में चोरी की घटनाएं कीं। इस पर अरविंद नेताम और उषा राठौर को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम सोने के जेवरात, 3 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 20,000 रुपये नकदी, घटना में प्रयुक्त एक्स ड्रीम मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। कुल मूल्य लगभग 60 लाख रुपये है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। हरीश पटेल पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

Share.

Comments are closed.