राजनांदगांव। जिले में अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग और नगर पालिका निगम की संयुक्त टीम ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्रीकला क्षेत्र में लगभग 5 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित किया। इसके बाद जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध कब्जे और प्लाटिंग को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान खसरा नंबर 361/10 रकबा 0.1983 हेक्टेयर, 361/9 रकबा 0.1642 हेक्टेयर, 361/12 रकबा 0.2123 हेक्टेयर, 361/13 रकबा 0.4081 हेक्टेयर, 361/28 रकबा 0.0935 हेक्टेयर और 361/14 रकबा 0.1480 हेक्टेयर पर की गई अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण को हटाया गया।

इस दौरान अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण करने वालों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध प्लाटिंग करने वालों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.

Comments are closed.