रायपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

आईईडी विस्फोट में एएसआई जनार्दन कोर्राम, आरक्षक रमलू हेमला और आरक्षक सोमडेव यादव घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। डिप्टी मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने जवानों को हिम्मत देते हुए चिकित्सा टीम से उपचार की विस्तृत जानकारी भी ली।

गृह मंत्री ने बताया कि सभी घायल जवान विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं और सरकार उनकी हर संभव सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को खत्म करने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। यह मुठभेड़ भी इसी अभियान के दौरान हुई। घटना के बाद क्षेत्र में सर्चिंग और अधिक तेज कर दी गई है।

Share.

Comments are closed.