रायपुर। विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) 2024 के टॉप 10 अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को सफलता के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर और राजभाषा अधिकारी छगन लाल नागवंशी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी के अनुभव, परीक्षा के दौरान आने वाली चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के कारण अभ्यर्थियों ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 में प्रदेश के युवाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Read Also-  सीएम साय कल बलौदाबाज़ार दौरे पर, जिलेवासियों को 194 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात

उन्होंने कहा कि आगे अभ्यर्थियों की भूमिका लोकसेवक की होगी, इसलिए दायित्वों के निर्वहन में धैर्य, विनम्रता और लोकसेवक की मर्यादाओं का पालन अत्यंत आवश्यक है। आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसका प्रतिफल परीक्षा परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

टॉपर विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए जिम्मेदारी का नया अध्याय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगे और प्रदेश के विकास में योगदान देंगे।

भेंट के दौरान पीएससी 2024 के टॉप 10 चयनित अभ्यर्थी देवेश प्रसाद साहू, स्वप्निल वर्मा, यशवंत कुमार देवांगन, पोलेश्वर साहू, पारस शर्मा, शताक्षी पाण्डेय, अंकुश बैनर्जी, सृष्टि गुप्ता, प्रशांत वर्मा और सागर वर्मा अपने परिजनों के साथ उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.