रायपुर के थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के एमडीएमए ड्रग सिंडीकेट मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक इवेंट डेकोरेटर तथा एक ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन करने वाला आरोपी शामिल है। अब तक इस प्रकरण में कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और एक टाटा हैरियर कार जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई है।

इससे पहले  पुलिस ने वरण अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में रेड कर 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग, 20 हजार रुपए नकद और चार मोबाइल जब्त कर पांच आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया था। सभी के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25 धारा 21बी, 29 नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि मंदिर हसौद निवासी मोह. माजिद एमडीएमए ड्रग की खरीदी-बिक्री में शामिल है और ड्रग्स के एवज में रकम नागपुर निवासी नंदलाल ठाकुर के फोन-पे नंबर पर ट्रांसफर की जाती थी। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ में उन्होंने ड्रग सप्लायर चंदन सिंह ठाकुर को रकम पहुंचाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने मोह. माजिद और नंदलाल ठाकुर से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल और टाटा हैरियर वाहन जब्त कर कार्रवाई की है। सिंडीकेट से जुड़े अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ‘‘ऑपरेशन निश्चय’’ अभियान के तहत की गई।

 

 

Share.

Comments are closed.