नई दिल्ली। चुनाव आयोग द्वारा देशभर में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) का कार्य जारी है। इसी प्रक्रिया के दौरान उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गलत जानकारी देने का मामला सामने आया, जिसके बाद संबंधित महिला और उसके दो बेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी नूरजहां ने SIR फॉर्म में अपने दो बेटों आमिर खान और दानिश खान के बारे में तथ्य छिपाए। दोनों बेटे कई वर्षों से क्रमशः दुबई और कुवैत में रह रहे हैं, लेकिन उनकी मां ने उन्हें भारत में रहने वाला दिखाते हुए गलत सूचना दर्ज कराई। इतना ही नहीं, फॉर्म में दोनों बेटों के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए।

ब्लॉक लेवल ऑफिसर द्वारा डेटा के डिजिटाइजेशन के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने आरोपी मां और दोनों बेटों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सिविल लाइन थाना में सुपरवाइजर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें BNS की धारा 237, 318(2) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

सरकार और चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में गलत जानकारी देना, तथ्य छिपाना या दो स्थानों से नाम दर्ज कराना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी का नाम गलती से दो जगह दर्ज हो गया है, तो वे अपने BLO से संपर्क कर जल्द सुधार करवा लें।

Share.

Comments are closed.