सरगुजा। जिले में मानव तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लखनपुर थाना क्षेत्र की दो युवतियों को मोटी तनख्वाह वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर तस्कर उज्जैन ले गए और दोनों को बेच दिया। पुलिस ने एक युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जबकि दूसरी का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

सूत्रों के अनुसार, तस्कर युवतियों को अंबिकापुर से ट्रेन के माध्यम से उज्जैन ले गए थे। वहां एक युवती को करीब ढाई लाख रुपये में बेच दिया गया। उसे एक सप्ताह तक एक मकान में बंद करके रखा गया था। लड़की ने मौके का फायदा उठाकर शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर उसे बंधन से मुक्त कराया। परिजनों के उज्जैन पहुंचने पर पुलिस ने युवती को उनके हवाले कर दिया।

Read Also-  पुलिस-नक्सली मुठभेड़: 3-4 माओवादियों के मारे जाने की खबर, रुक-रूककर हो रही फायरिंग

इधर, दूसरी युवती के परिजनों ने गंभीर आशंका जताई है कि तस्करों ने उसे किसी खरीदार से जबरन शादी कराने के उद्देश्य से बेच दिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में परिजनों ने तत्काल खोजबीन की मांग की है।

पूरे मामले में पुलिस ने मानव तस्करी के अंतर्गत चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, लापता युवती की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है।

Share.

Comments are closed.